सलोन (रायबरेली) : धरई चौराहे पर बुधवार रात बिजली विभाग की लापरवाही से बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। जैनुल की किराने की दुकान के ऊपर बने गोदाम की छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन अचानक टूटकर मकान की छत पर गिर गई। तार गिरते ही पूरे मकान में करंट दौड़ गया और गोदाम में रखे किराने के सामान में आग लग गई। घटना रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। गनीमत रही कि उस समय मकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था।
हाईटेंशन तार की चपेट में आने के बाद गोदाम में रखा सामान धू-धूकर जलने लगा। आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी। फायर टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हाईटेंशन लाइन में करंट प्रवाहित होने के कारण आग बुझाने में खतरा बना रहा। विद्युत विभाग से शटडाउन लेने के बाद फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया।पीड़ित जैनुल ने बताया कि गोदाम में करीब डेढ़ लाख रुपये का किराने का सामान रखा था, जो आग की चपेट में आकर जल गया। घटना की सूचना पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल ने नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार की और उच्चाधिकारियों को भेज दी।
फायर स्टेशन प्रभारी गोपी चंद्र मिश्रा ने बताया कि धरई चौराहे पर जैनुल के किराने के गोदाम में आग लगी थी। प्रारंभिक जांच में विद्युत शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। उन्होंने करीब 50 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान बताया है।
अनुज मौर्य/आशीष कुमार रिपोर्ट


