मां संकटा धाम मंदिर में घंटा चोरी की शिकायत लेकर भारी बारिश में डीएम ऑफिस पहुंचा पीड़ित,कार्यवाही की करी मांग

913

रायबरेली। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच गुरुवार, 6 अगस्त 2026 को सुबह करीब 10:00 बजे एक पीड़ित भीगते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा और मुख्यमंत्री के बाद अब जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि लालगंज तहसील के गेगासों स्थित प्रसिद्ध मां संकटा धाम मंदिर से करोड़ों रुपये मूल्य के घंटे और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

पीड़ित अपूर्व शुक्ला ने जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि मंदिर प्रबंधन से जुड़े कुछ लोगों ने सुनियोजित तरीके से मंदिर की बहुमूल्य संपत्ति को गायब कर दिया। शिकायत में देशराज यादव, हल्का लेखपाल नीरज कुमार और मंदिर ठेकेदार कुलदीप उर्फ सोनू मिश्रा को नामजद करते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की गई है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, मां संकटा धाम मंदिर देश के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक है, जहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि वर्ष 2024 में मंदिर की नीलामी के समय मंदिर में 58 कुंतल से अधिक पीतल के घंटे, सोने का छत्र, सीतारामी हार, चांदी का मुकुट सहित बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण मौजूद थे। आरोप है कि इन बहुमूल्य सामानों को गायब कर दिया गया, जिनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है।

शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि इस संबंध में पहले भी कई अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर जांच की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक न तो कोई एफआईआर दर्ज हुई और न ही किसी आरोपी पर कार्रवाई की गई। इससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है और श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था भी आहत हुई है।

बारिश के बीच डीएम कार्यालय पहुंचे पीड़ित ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई तथा तत्काल मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। अब यह देखना होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या रुख अपनाता है और जांच के बाद क्या कार्रवाई सामने आती है।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

👁 913 views
913 views
Click