रायबरेली। जिले में चल रही होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के दौरान मंगलवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा के समय कई अभ्यर्थियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। कड़ी धूप और दौड़ के दौरान अत्यधिक शारीरिक परिश्रम के कारण कुछ अभ्यर्थी चक्कर खाकर मैदान में ही गिर पड़े, जिससे भर्ती स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और चिकित्सा टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी प्रभावित अभ्यर्थियों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया। बाद में उन्हें एंबुलेंस की सहायता से रायबरेली जिला अस्पताल भेजा गया, जहां आपातकालीन वार्ड में भर्ती कर उनका इलाज शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने प्रतापगढ़ जिले से आए कई अभ्यर्थियों की तबीयत खराब हुई। इनमें आदित्य मिश्रा, अश्वनी विश्वकर्मा, प्रियांश शर्मा, संजय साहू, राहुल कोरी, आशीष सरोज, मोहम्मद सलाम खान, विष्णु मौर्य, शिव प्रताप पटेल तथा अभय सिंह यादव शामिल हैं। सभी अभ्यर्थी प्रतापगढ़ जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
चिकित्सकों के अनुसार अभ्यर्थियों को अत्यधिक गर्मी, शरीर में पानी की कमी और दौड़ के दौरान अधिक थकान के कारण कमजोरी महसूस हुई। अस्पताल में भर्ती युवाओं को प्राथमिक उपचार देने के साथ ग्लूकोज एवं आवश्यक दवाएं दी गईं। डॉक्टरों की निगरानी में सभी का उपचार जारी है।
जिला अस्पताल प्रशासन ने बताया कि भर्ती सभी अभ्यर्थियों की स्थिति फिलहाल सामान्य और स्थिर है। किसी भी अभ्यर्थी की हालत गंभीर नहीं है। वहीं भर्ती स्थल पर मौजूद अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचाव करने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
अनुज मौर्य रिपोर्ट


