सलोन, रायबरेली।सलोन क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। कस्बे से लेकर ग्रामीण अंचलों तक मंदिरों और घरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की मनमोहक झांकियां सजाई गईं तथा भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ।कस्बे के दुर्गा पूजा पंडाल के सामने स्थित श्याम सुंदर साहू के आवास पर भगवान श्रीकृष्ण की भव्य एवं आकर्षक झांकी सजाई गई, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इस अवसर पर पंडित गया प्रसाद शास्त्री ने विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन एवं जन्मोत्सव संपन्न कराया।वहीं, सलोन कोतवाली परिसर में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कोतवाली प्रभारी सन्दीप कुमार राय ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
ऊँचाहार मार्ग स्थित तेराहो हनुमान मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया। मंदिर परिसर भक्ति गीतों और जयकारों से गूंजता रहा।
इसके अलावा औना, सदरा, सूची, करहिया बाजार, धरई, बसंतगंज बाजार, मटका सहित क्षेत्र के अनेक गांवों और बाजारों में भी जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास एवं धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। देर रात तक मंदिरों में भजन-कीर्तन, झांकी दर्शन और प्रसाद वितरण का क्रम चलता रहा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर दिखाई दिया।
आशीष कुमार रिपोर्ट


