सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क बारिश के कारण धसी, जिम्मेदार अधिकारी मौन

900

रायबरेली -रायबरेली शहर के वार्ड नंबर 25 (छोटा घोसियाना) में सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क बारिश के कारण पूरी तरह धंस गई है। लापरवाही से की गई मरम्मत और जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की अनदेखी से यह रास्ता अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ समय पहले इस इलाके में सीवर लाइन डालने के लिए सड़क की खुदाई की गई थी। काम पूरा होने के बाद ठेकेदार और संबंधित विभाग ने मिट्टी को ठीक से नहीं भरा और न ही सड़क को मजबूत किया। मानसून की भारी बारिश शुरू होते ही इस लापरवाही की पोल खुल गई।

लगातार पानी भरने और रिसाव के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी बैठ गई। इससे सड़क बीच से धंस गई है और कई जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों में पानी भरा रहता है, जिससे राहगीरों को सड़क की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता।

स्थानीय निवासी मनबोधन लाल बाजपेई, रेखा मिश्रा, आलोक कुमार एडवोकेट, पूजा और अंबिका प्रसाद गुप्ता का आरोप है कि उन्होंने नगर पालिका परिषद के चेयरमैन और जिम्मेदार अधिकारियों को इस गंभीर समस्या के बारे में कई बार बताया है। इसके बावजूद, अभी तक धंसी हुई सड़क को ठीक करने या उस पर चलने लायक सामग्री डलवाने पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है।

सड़क धंसने और गड्ढों में पानी भरे होने से दोपहिया वाहन चालक अक्सर फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। छोटा घोसियाना और सिविल लाइन से जुड़े इस रास्ते पर जलभराव और कीचड़ के कारण ग्राहकों ने आना बंद कर दिया है, जिससे स्थानीय दुकानदारों को काफी आर्थिक नुकसान हो रहा है।

घुटनों तक भरे गंदे पानी और धंसी हुई मिट्टी के दलदल से होकर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को बहुत मुश्किल से गुजरना पड़ रहा है।

अनुज मौर्य/प्रतीक सिंह रिपोर्ट

👁 900 views
900 views
Click