मासूम शिवानी की मौत मामले में बड़ी कार्यवाही ,डॉ. अमित सिंह समेत तीन डॉ पर मुकदमा हुआ दर्ज

6557

रायबरेली।स्वास्थ्य विभाग के रहमो करम पर कई निजी अस्पताल धड़ल्ले से चल रहे हैं। जिनके पास ना तो लाइसेंस है।ना ही रजिस्ट्रेशन है। और मानक के विपरीत चल रहे हैं इसी की सजा एक पीड़ित परिवार भुगत रहा है। ट्रांसलेट ऑपरेशन के बाद 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।जिसके बाद डीएम के निर्देश पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

शहर कोतवाली क्षेत्र के चर्चित 10 वर्षीय बच्ची शिवानी सिंह की इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में जिला प्रशासन की सख्ती के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर कोतवाली पुलिस ने शाश्वत नर्सिंग होम के संचालक डॉ. अमित सिंह समेत तीन स्टाफ के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिव शंकर सिंह ने गुरुवार को बताया कि मृतका के पिता शरद सिंह की तहरीर पर यह मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शहर के जेल रोड स्थित शाश्वत एवं वेदांता नर्सिंग होम में मासूम शिवानी का टॉन्सिल का ऑपरेशन किया गया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही बरती गई, जिससे बच्ची की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। गंभीर अवस्था में उसे लखनऊ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

बेटी की मौत के बाद परिजनों ने नर्सिंग होम संचालक और स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी। मामले के तूल पकड़ने के बाद जिला प्रशासन ने जांच कराई और जांच के उपरांत जिलाधिकारी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है। उपचार से संबंधित दस्तावेज, मेडिकल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद जिले के निजी नर्सिंग होमों में मरीजों के उपचार की गुणवत्ता और नियमों के पालन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं, पीड़ित परिवार ने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

अनुज मौर्य/प्रतीक सिंह रिपोर्ट

👁 6.6K views
6.6K views
Click