सप्लाई के पानी में निकल रहा है दूषित पानी और कबूतर के पंख, ग्रामीणों में दहशत

4874

हरचंदपुर विधानसभा के हथनासा गांव में में जल जीवन मिशन की खुली पोल, सप्लाई के दूषित पानी में निकले कबूतर के पंख, ग्रामीणों में दहशत

रायबरेली– जिले के हरचंदपुर विधानसभा एवं सरेनी ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत हथनासा गांव में जल जीवन मिशन योजना की जलापूर्ति व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। केंद्र व राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। गुरुवार 7 मई 2026 को करीब दोपहर 12 बजे गांव निवासी किशन यादव के घर पहुंचे सप्लाई के पानी में कबूतर के पंख निकलने का मामला सामने आने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि सुबह के समय जब घर में पानी की सप्लाई आई तो पानी के साथ कबूतर के पंख निकलते दिखाई दिए। इसका वीडियो भी ग्रामीणों द्वारा बनाया गया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग जलापूर्ति की गुणवत्ता को लेकर गंभीर चिंता जता रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बनी पानी की टंकी की लंबे समय से सफाई नहीं कराई जा रही है। साथ ही नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर और दवाओं का छिड़काव भी नहीं किया जाता, जिससे पानी दूषित हो रहा है। लोगों का कहना है कि गंदा पानी पीने से गांव में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि योजना के नाम पर केवल कागजी दावे किए जा रहे हैं, जबकि वास्तविकता में लोगों को असुरक्षित और दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा गांव में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

फिलहाल ग्रामीणों से अपील की गई है कि सप्लाई का पानी बिना जांच के उपयोग न करें और पानी को उबालकर ही प्रयोग में लाएं, ताकि किसी संभावित बीमारी से बचा जा सके। प्रशासन की ओर से अभी तक मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

नुज मौर्य/प्रतीक सिंह रिपोर्ट

👁 4.9K views
4.9K views
Click